शिव गुरु महोत्सव में गूंजा ‘नमः शिवाय’, हरिन्द्रानंद बोले—गुरु ही जीवन का सच्चा मार्गदर्शक।

रानीगंज। प्रखंड क्षेत्र के पचिरा पंचायत अंतर्गत कोसी कॉलोनी कमलपुर परिसर में रविवार को एक दिवसीय शिव गुरु महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रातः 11 बजे से संध्या 5 बजे तक चला, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे शिव गुरु भाई-बहनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।इस अवसर पर श्रद्धालुओं को “आइए भगवान शिव को अपना गुरु बनाएं” का संदेश दिया गया। वहीं संगीत मंडली ने भक्ति गीत “आओ चले शिव की ओर” प्रस्तुत कर उपस्थित शिव शिष्यों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहरसा के परमेश्वर राय उपस्थित रहे। साथ ही कुर्साकांटा के देवी लाल महतो, सिकटी के अवधेश मंडल, संतोष झा, विश्वनाथ भगत, प्रकाश झा, जयंत चौधरी, आभा झा, अरुण पूर्वे, नवाब झा सहित अन्य शिव शिष्यों ने अपने प्रवचनों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर किया।प्रवचन के दौरान शिव शिष्य हरिन्द्रानंद ने कहा कि तंत्र का वास्तविक अर्थ शिव और भगवती के प्रति व्यक्ति के मन में प्रेम और

समर्पण का स्थिर होना है। उन्होंने बताया कि गुरु द्वारा कही गई बात ही मंत्र है और “नमः शिवाय” शिव शिष्यता का मूल मंत्र है। इसके जाप से मन को शांति मिलती है तथा व्यक्ति का मन गुरु के प्रति समर्पित रहता है।उन्होंने आगे कहा कि बिना गुरु के न जप संभव है, न तप, न योग और न ही दान का सही फल प्राप्त होता है। जीवन में गुरु की अनिवार्यता बताते हुए उन्होंने कहा कि गुरु ही सही मार्ग दिखाते हैं और जीवन को सार्थक बनाते हैं।कार्यक्रम स्थल पर मेले का भी आयोजन हुआ, जहां भगवान शिव से संबंधित किताबें, माला, रुद्राक्ष सहित पूजन सामग्री के स्टॉल तथा खाने-पीने की दुकानें लगी थीं। वहीं भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में अध्यक्ष रामानंद सिंह, उपाध्यक्ष नीरज कुमार झा, सचिव शंभू सिंह, उपसचिव विष्णुदेव राम, कोषाध्यक्ष भगवत सिंह, उपकोषाध्यक्ष महेंद्र सिंह सहित अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।
