रानीगंज नगर पंचायत में सैरात बंदोबस्ती का रिकॉर्ड, करोड़ों की बोली से बढ़ा राजस्व

अररिया। नगर पंचायत रानीगंज में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बस स्टैंड और बरबन्ना हाट की सैरात बंदोबस्ती खुली डाक प्रक्रिया के माध्यम से पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। दो दिनों तक चली इस मैराथन बोली में पुराने सभी रिकॉर्ड टूट गए और नगर पंचायत के राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।

23 मार्च को बस स्टैंड की बंदोबस्ती के लिए हुई डाक 361 राउंड तक चली, जिसमें संतोष यादव ने ₹99.10 लाख की सबसे ऊंची बोली लगाकर बंदोबस्ती अपने नाम की। वहीं 24 मार्च को बरबन्ना हाट के लिए आयोजित डाक प्रक्रिया में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। 511 राउंड तक चली बोली में जय प्रकाश यादव ने ₹2.47 करोड़ की उच्चतम बोली लगाकर बाजी मारी। इस दौरान सुजीत कुमार मंडल ₹2.46 करोड़ के साथ दूसरे और संतोष यादव ₹1.05 करोड़ के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया गया। डाक के दौरान मुख्य पार्षद, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य, दंडाधिकारी, पुलिस बल और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
नगर प्रशासन ने बताया कि इस सफल बंदोबस्ती से प्राप्त राजस्व का उपयोग नगर के विकास और जनहित कार्यों में किया जाएगा। वहीं डाक में शामिल प्रतिभागियों ने पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया के लिए नगर प्रशासन और कार्यपालक पदाधिकारी सचिन कुमार की सराहना की।
