सुपौल, 9 दिसंबर।
भूमिहीन परिवारों को जमीन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस ने मंगलवार को सुपौल समाहरणालय मुख्य गेट के सामने एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने किया।
प्रदर्शन के बाद जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए युवा कांग्रेस ने मांग की कि पंचायत स्तर पर जल्द से जल्द सर्वे कराकर प्रत्येक वार्ड के सभी भूमिहीन गरीब परिवारों को 3 से 5 डिसमिल जमीन का पर्चा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सभी महादलित बस्तियों के पास श्मशान घाट के लिए जमीन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि बिहार में लगातार भूमिहीन गरीब परिवारों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। उन्होंने बयान दिया, “अगर सरकार बुलडोजर चलाने पर अड़ी है, तो उससे पहले हर भूमिहीन को जमीन का पर्चा दिया जाए, ताकि उन्हें शांतिपूर्ण तरीके से हटाया जा सके।”
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में बड़े आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। झा ने बताया कि इस मुद्दे पर पहले भी कई बार ज्ञापन दिए गए हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया
गया है।
