9 दिसंबर, सुपौल
शहर में दिनोंदिन बढ़ती जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए मंगलवार को प्रशासन ने एक बार फिर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) इंद्रवीर कुमार तथा नगर कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में अभियान की शुरुआत महावीर चौक से की गई। प्रशासनिक टीम जैसे ही स्टेशन चौक होते हुए पटेल चौक के समीप मस्जिद के बाहर बने अस्थायी दुकानों को हटाने पहुंची, स्थानीय लोग उग्र हो उठे। लोगों ने बुलडोजर के सामने खड़े होकर कार्रवाई का विरोध किया और मांग की कि पहले सब्जी मंडी रोड स्थित राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी के बाहर बनी दुकानों को हटाया जाए।
स्थिति तनावपूर्ण होते देख प्रशासन ने मस्जिद के पास की कार्रवाई रोक दी और टीम सब्जी मंडी रोड की ओर बढ़ी। वहां थाना के बाहर नाले पर बने कई दुकानों को तोड़ा गया। इस दौरान मंदिर समिति के सदस्यों ने भी विरोध शुरू कर दिया। विरोध तेज होते देख कुछ दुकानों को हटाने के बाद प्रशासन को वापस लौटना पड़ा।
एसडीओ इंद्रवीर कुमार ने साफ कहा कि किसी भी परिस्थिति में अतिक्रमण और जाम की समस्या बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से सहयोग की अपील की और कहा कि शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए सभी को आगे आना होगा। अभियान के दौरान कई दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया तथा कई ई-रिक्शा चालकों के वाहन जब्त किए गए।
अभियान में पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) कमलेश्वर प्रसाद, नगर कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार, यातायात थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार, सदर थानाध्यक्ष रामसेवक राउत सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
