सुपौल। जिले के वीरपुर स्थित जल संसाधन विभाग के कौशिकी भवन में बुधवार को अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई देने के बाद दूसरे तल पर आग लग गई। अचानक उठे धुएं और जलते वायरों की गंध से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के मद्देनज़र कर्मचारी तत्काल बाहर निकल आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ। बिजली बोर्ड के पास छत और इलेक्ट्रिक बॉक्स के आसपास घना काला धुआं फैलने लगा। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्क्षणा बिजली सप्लाई बंद की, जिसके बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया।
गनीमत रही कि घटना में किसी तरह की बड़ी क्षति या जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही कार्यालय के सुरक्षा मानकों की पुन: समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
