10 दिसंबर, सुपौल।
सदर अस्पताल, सुपौल के सभागार में मंगलवार को सिविल सर्जन एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक सह जिला कार्यक्रम प्रबंधक की अध्यक्षता में जिलेभर के सभी प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारियों की उपस्थिति में MDSR (Maternal Death Surveillance & Response) बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य मातृ मृत्यु की रोकथाम, समय पर रिपोर्टिंग, कारणों की पहचान तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।

बैठक में MDSR रिपोर्टिंग प्रणाली को सशक्त बनाने, प्रसव पूर्व एवं प्रसवोत्तर जांच को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक मातृ मृत्यु के कारणों की गहन समीक्षा करने पर विशेष जोर दिया गया। सिविल सर्जन ने निर्देश दिया कि सभी प्रखंडों में उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की सूची अपडेट की जाए और उन्हें समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएं। साथ ही, स्वास्थ्य उपकेंद्रों व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ाने की आवश्यकता भी बताई गई।
अधिकारीयों ने कहा कि मातृ मृत्यु की समय पर रिपोर्टिंग से जिले में चल रही स्वास्थ्य योजनाओं की प्रभावशीलता बढ़ती है और आवश्यक सुधारात्मक कदम समय रहते उठाए जा सकते हैं। बैठक के दौरान आगामी महीनों के लिए कार्ययोजना तैयार की गई और संबंधित पदाधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया।
बैठक में जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक, सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, उपाधीक्षक, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, अस्पताल प्रबंधक, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक तथा आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के कार्यक्रम समन्वयक मौजूद रहे।
बैठक में मातृ मृत्यु की निगरानी, कारणों की समीक्षा, रिपोर्टिंग तंत्र सुदृढ़ करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
