
बिहार के सुपौल जिले के सिमराही हाई स्कूल मैदान में एनडीए के उम्मीदवारों के पक्ष में आयोजित विशाल जनसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि-बिहार में अब जंगलराज लौटने नहीं दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने अपने शासन में चारा घोटाला, होटल घोटाला और बाढ़ राहत घोटाला जैसे अनेक भ्रष्टाचार किए, जबकि नीतीश कुमार के 20 साल के शासन में एक भी भ्रष्टाचार का दाग नहीं लगा. शाह ने कहा कि बिहार को अब विकसित राज्य बनाना है और इसके लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि बिहार की बाढ़ समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए कोसी-मेची लिंक परियोजना को 2025 के बजट में शामिल किया गया है. नेपाल की नदियां जो हर साल बिहार में तबाही मचाती हैं, अब उन्हीं नदियों को जोड़कर किसानों के खेत तक पानी पहुंचाया जाएगा, जिससे पूरा कोसी – सीमांचल बाढ़मुक्त बनेगा.
