Oplus_131072
महिला व पोती से मारपीट, दोनों घायल
रानीगंज (अररिया)।

रानीगंज थाना क्षेत्र के पचीरा मौजा में दबंगों द्वारा एक महिला की खतियानी जमीन पर जबरन कब्जा करने, फसल नष्ट करने तथा विरोध करने पर मारपीट करने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना में महिला एवं उसकी पोती घायल हो गईं।
पीड़िता फूलकुमारी देवी, पति स्वर्गीय भगत शर्मा, वार्ड संख्या 08, रानीगंज की निवासी हैं। उन्होंने बताया कि मौजा पचीरा स्थित खाता संख्या 29 के खेसरा संख्या 1294, 1296 एवं 2235 की कुल लगभग 02 एकड़ 70 डिसमिल भूमि उनके तथा उनके परिजनों के नाम से खतियानी है। उक्त भूमि पर गेंहू और मक्का की फसल लगी हुई थी।
पीड़िता के अनुसार, 12 अक्टूबर 2025 को सुबह करीब 8 बजे ललन मंडल, प्रमोद मंडल, संजीव मंडल, अर्जन मंडल, रंजन मंडल, संपति मंडल, मो. सैफुल सहित 20–25 लोग ट्रैक्टर लेकर उनकी जमीन पर पहुंचे और फसल को रौंदते हुए जबरन कब्जा करने का प्रयास किया।

विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी, डंडा और लोहे की रॉड से फूलकुमारी देवी के साथ मारपीट की, जिससे उनके सिर, कमर एवं शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पोती मनीषा कुमारी के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह भी घायल हो गई।
घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है। फूलकुमारी देवी ने रानीगंज थाना में आवेदन देकर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई एवं परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
