रानीगंज /अररिया:- रानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलसरा गांव में रविवार देर रात 50 वर्षीय रंजन यादव की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब रंजन यादव अपने घर में सो रहे थे। बताया जा रहा है कि दो युवक घर में घुसे और उनके सीने में गोली मारकर फरार हो गए।

सोमवार सुबह सूचना मिलने पर अररिया एसडीपीओ सुशील कुमार और रानीगंज थाना प्रभारी रविरंजन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों गौरीशंकर यादव, रविप्रकाश द्विवेदी, चंदन कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए और आवश्यक नमूने एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया है।
एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण जमीन विवाद प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हत्यारोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
