
एसआईआर (SIR) को लेकर समाजवादी पार्टी (SP) 10 नवंबर को अब तक की सबसे बड़ी बैठक करने जा रही है. इस बैठक में समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के सभी जिलाध्यक्षों और महानगरध्यक्षों को लखनऊ दफ्तर में बुलाया है. लखनऊ दफ्तर में सपा सभी के लिए विशेष ट्रेनिंग कैंप का भी आयोजन करने जा रही है. आइए जानते हैं आखिर SIR के माध्यम से उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने कैसे विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकने का फैसला किया है.
समाजवादी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव को आक्रामक खेलना चाहती है और शायद यही वजह है कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आते जा रहे समाजवादी पार्टी लगातार अपनी टीम को एक छत के नीचे लाकर आक्रामक बैटिंग के निर्देश दे रही है. इसी क्रम में, समाजवादी पार्टी 10 नवंबर को विक्रमादित्य मार्ग स्थित पार्टी कार्यालय में बड़ी बैठक बुलाने जा रही है. इसमें जिला अध्यक्ष और महानगर अध्यक्षों को इस बात की जानकारी दी जाएगी कि SIR को लेकर कैसे जमीन पर काम करें. आने वाले सभी लोगों को एक ट्रेनिंग से भी गुजरना होगा, जिसमें इस बात की जानकारी दी जाएगी कि कैसे SIR को लेकर नीचे कार्यकर्ताओं को संदेश दिया जाए और इस बात का खास ख्याल रखा जाएगा कि अपने लोगों का वोट न कटने पाए.
सपा प्रवक्ता फखरूल हसन ने कहा कि सपा एसआईआर और पीडीए को लेकर सतर्क है. पीडीए के वोट हम कटने नहीं देंगे. समाजवादी पार्टी 10 नवंबर को इसलिए ही बड़ी बैठक बुलाने जा रही है. इसमें सपा मुखिया अखिलेश यादव भी बैठक में मौजूद रहेंगे. साथ ही यहां सभी को निर्देश दिए की कैसे काम करें, जिससे पीडीए के वोट कटने न पाए.
