17 दिसंबर सुपौल।
जिले में महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सुपौल पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना स्तर पर ‘अभया ब्रिगेड’ की शुरुआत की गई है।

इस विशेष टीम का मुख्य उद्देश्य स्कूल, कॉलेज, हॉस्टल एवं कोचिंग जाने वाली महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। अभया ब्रिगेड लगातार सक्रिय रहकर संवेदनशील स्थलों की पहचान करेगी और मौके पर मौजूद रहकर मनचलों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

पुलिस के अनुसार, इस टीम का कार्य केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर काउंसलिंग करना और शिक्षण संस्थानों के साथ संवाद स्थापित कर समस्याओं को समझना भी इसकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी।महिला पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में अभया ब्रिगेड प्रतिदिन फील्ड में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रही है।

इस पहल से जिले में महिलाओं और छात्राओं के बीच सुरक्षा की भावना मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।सुपौल पुलिस की यह पहल महिला सशक्तिकरण और सुरक्षित समाज की दिशा में एक सराहनीय कदम मानी जा रही है।
