रानीगंज/अररिया – रानीगंज विधानसभा क्षेत्र का चुनाव परिणाम शुक्रवार देर रात घोषित किया गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 31 टेबलों पर लंबी मतगणना प्रक्रिया चली। सभी राउंड पूरे होने के बाद राजद प्रत्याशी अविनाश मंगलम को विजयी घोषित किया गया। उन्होंने एनडीए गठबंधन के जदयू उम्मीदवार और दो बार के विधायक अचमित ऋषिदेव को 8,530 वोटों के अंतर से पराजित किया।मतगणना के अनुसार अविनाश मंगलम को 1,11,590 वोट मिले, जबकि अचमित ऋषिदेव को 1,03,060 मत प्राप्त हुए। परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद ही अविनाश मंगलम को विजय प्रमाणपत्र सौंप दिया गया। प्रमाणपत्र मिलने के बाद नव-निर्वाचित विधायक अपने समर्थकों के साथ अररिया काली मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे रजोखर, गितवास, हाँसा दुर्गा मंदिर और रामपुर होते हुए रानीगंज काली मंदिर तक पहुंचे। पूरे मार्ग में समर्थकों का उत्साह देखने लायक था।इस बार रानीगंज क्षेत्र में महिलाओं ने पुरुषों की अपेक्षा अधिक मतदान किया। हालांकि महिलाओं को दी जाने वाली 10 हजार की सहायता, 125 यूनिट मुफ्त बिजली और पेंशन बढ़ोतरी जैसे मुद्दों के बावजूद जदयू प्रत्याशी के पक्ष में अपेक्षित माहौल नहीं बन सका। स्थानीय लोगों के अनुसार निवर्तमान विधायक के प्रति नाराजगी इस चुनाव में स्पष्ट रूप से दिखाई दी।विजय के बाद अपने संबोधन में अविनाश मंगलम ने कहा,“हमें हराने के लिए पैसे वाले लोग लगे हुए थे, लेकिन हमने घर-घर जाकर लोगों का आशीर्वाद लिया। यह मेरी नहीं, रानीगंज की जनता की जीत है। यह इलाका काफी पिछड़ा है और यहां घूसखोरी एक बड़ी समस्या है। मेरी पहली प्राथमिकता गरीबों का हक खाने वालों पर कार्रवाई करना है। जनता ने विश्वास किया है, मैं उसे टूटने नहीं दूंगा।”
