oplus_0
प्रेस क्लब अररिया में राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर हुआ कार्यक्रम, मीडिया की निष्पक्षता और तथ्य-जांच पर जोर
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर रविवार को प्रेस क्लब भवन अररिया के सभागार में जिला जन सम्पर्क कार्यालय के तत्वावधान में “बढ़ती भ्रामक सूचनाओं के बीच प्रेस की विश्वसनीयता की रक्षा” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री चंद्रशेखर यादव, जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष श्री राकेश भगत, सचिव श्री अमित कुमार अमन, ब्यूरो प्रमुख श्री प्रशांत पराशर, वरिष्ठ पत्रकार श्री फुलेंद्र मल्लिक, श्री मृगेंद्रमणि सिंह, श्री अमोद कुमार, श्री परवेज़ आलम, श्री एल.पी. नायक सहित अन्य पत्रकारों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इससे पूर्व सभी अतिथियों का पौधा देकर स्वागत किया गया। संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि मौजूदा समय में भ्रामक सूचनाओं का प्रसार प्रेस की विश्वसनीयता के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसी परिस्थितियों में मीडिया की ज़िम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वह तथ्य-जांच के बाद ही खबरें प्रकाशित करे।
वक्ताओं ने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच पारदर्शी सहयोग से ही सटीक और विश्वसनीय सूचना जनता तक पहुँचाई जा सकती है। मीडिया कर्मियों ने प्रेस की निष्पक्षता, खबरों की सत्यता और पेशेवर आचार संहिता को सर्वोपरि रखने पर बल दिया।
कार्यक्रम को श्री फुलेंद्र मल्लिक, श्री पंकज पराशर, श्री मृगेंद्र मणि सिंह, श्री आमोद ठाकुर, श्री परवेज आलम, श्री बेदी झा, श्री अमरेंद्र कुमार, श्री राहुल ठाकुर, श्री पंकज रंजीत, श्री एल.पी. नायक, श्री अब्दुल गनी, श्री फिरोज आलम, श्री विकास कुमार, श्री राजीव सिंह, श्री संतोष झा सहित अन्य पत्रकारों ने संबोधित किया।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए सशक्त और जिम्मेदार प्रेस बेहद आवश्यक है। प्रेस की भूमिका केवल प्रशासनिक व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने में भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने पत्रकारों से अनुरोध किया कि वे सनसनी फैलाने वाली भ्रामक खबरों से बचें और सत्यता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
संगोष्ठी का संचालन पत्रकार श्री ज्योतिष कुमार झा ने किया। वहीं धन्यवाद ज्ञापन जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष श्री राकेश कुमार भगत ने किया। कार्यक्रम में श्री चंदन कुमार लालू, श्री रवि भगत, श्री रूपेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित थे।
