रानीगंज में अधिकारियों व कर्मियों की उपस्थिति कम, कई कार्यालय 11:30 बजे तक बंद
रानीगंज।
सरकारी कार्यालयों में चुनाव की खुमार अभी तक उतरता नहीं दिख रहा है। पहले एसआईआर के काम में डेढ़-दो महीनों तक अधिकारी व्यस्त रहे। इसके तुरंत बाद चुनाव की घोषणा होते ही प्रखंड परिसर में आमलोगों की आवाजाही कम होती गई और अधिकारी भी चुनावी तैयारियों का हवाला देकर दफ्तरों में कम ही दिखाई दिए।
चुनाव समाप्त होने के बाद भी स्थिति में खास सुधार नहीं हुआ है। सोमवार को रानीगंज के कई सरकारी कार्यालयों में 11:30 बजे तक अधिकारियों की उपस्थिति नहीं देखी गई। प्रखंड परिसर के कुछ कार्यालय खुले तो थे, लेकिन कर्मियों की संख्या बेहद कम थी और अधिकारी नदारद रहे।
प्रखंड पंचायती राज कार्यालय का हाल तो और भी खराब रहा—11:30 बजे तक कार्यालय में ताला लटका मिला। पूछे जाने पर बीपीआरओ प्रियंका कुमारी ने बताया कि “कर्मी कहीं गए होंगे, इसलिए कार्यालय नहीं खुला था।” बाद में करीब 12:15 बजे उन्होंने फोन पर कार्यालय खुलने की सूचना दी।
उधर, पिछले ढाई महीनों से लगातार कार्यालयों के बंद रहने और अधिकारियों की कम उपस्थिति से आमलोग परेशान हैं। इसको लेकर उप प्रमुख कलानंद सिंह ने कहा कि “प्रखंड कार्यालय में अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जानी चाहिए। अब चुनाव खत्म हो चुका है। आने वाले दिनों में अधिकारियों की मौजूदगी पर समीक्षा बैठक की जाएगी और आमलोगों की समस्याओं पर भी ध्यान दिया जाएगा।”
