सरस्वती पूजा को लेकर गाँवों में उत्साह चरम पर, मूर्ति निर्माण में जुटे कारीगर।

सुपौल, मरौना।आगामी सरस्वती पूजा को लेकर ग्रामीण इलाकों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। जिसके लेकर मरौना प्रखंड के विभिन्न गाँवो में पूजा की तैयारियाँ जोरों पर हैं और जगह-जगह देवी सरस्वती की मूर्तियों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। कारीगर दिन-रात मेहनत कर सुंदर और आकर्षक मूर्तियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। मिट्टी, पुआल और रंगों से सजी प्रतिमाएँ अब आकार लेने लगी हैं, जिससे गाँवों में उत्सव की रौनक बढ़ गई है।
कारीगरों का कहना है कि इस वर्ष भी सरस्वती पूजा को लेकर अच्छी मांग है। विद्यार्थी, शिक्षक और ग्रामीण युवा वर्ग पूजा आयोजन को लेकर विशेष रूप से सक्रिय हैं। कई स्थानों पर पूजा समितियों द्वारा पंडाल निर्माण का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। वहीं घर-घर में पूजा सामग्री की खरीदारी होने लगी है।ग्रामीणों का मानना है कि सरस्वती पूजा ज्ञान, विद्या और कला की साधना का पर्व है, जिसे पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। खासकर छात्रों में इस पर्व को लेकर विशेष उत्साह रहता है।
