संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, पति हिरासत में
सुपौल।

राजेश्वरी थाना क्षेत्र के कामत किशुनगंज गांव में रविवार की शाम एक 20 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान रंभा देवी (20) के रूप में हुई है, जो 21 वर्षीय रितेश कुमार की पत्नी थी। घटना के बाद पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। रंभा देवी और रितेश कुमार ने वर्ष 2022 में घर से भागकर प्रेम विवाह किया था। दोनों अंतर्जातीय समुदाय से हैं। शादी के बाद वे बाहर रहकर जीवन यापन कर रहे थे। दंपती की दो वर्ष की एक पुत्री है, जो गांव में ही दादी के पास रहती है। 28 सितंबर को बेटी का जन्मदिन मनाने के लिए दोनों 12 सितंबर को गांव आए थे।बताया जाता है कि शनिवार दोपहर खाना बनाने के दौरान सब्जी खत्म होने को लेकर रंभा देवी की सास और ननद से कहासुनी हुई थी। इसके बाद वह कमरे में जाकर सो गई और रात में भी खाना नहीं खाया।

रविवार को भी उसने दिन भर न तो कोई घरेलू काम किया और न ही भोजन किया। रसंदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, पति हिरासत मेंविवार संध्या करीब चार बजे इसी बात को लेकर फिर सास और ननद से उसकी तीखी बहस हुई।ससुराल पक्ष का कहना है कि कहासुनी के बाद रंभा देवी ने कमरे में जाकर अंदर से किवाड़ बंद कर लिया और पंखे के सहारे दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं मायके पक्ष ने इस दावे को खारिज करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के भाई अरुण दास ने कहा कि उसकी बहन की ससुराल वालों ने हत्या की है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। हालांकि शादी के बाद से मृतका का मायके पक्ष से संपर्क नहीं रहने की बात भी सामने आई है।घटना के करीब चार घंटे बाद गुप्त सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष यूगल किशोर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोमवार पूर्वाह्न पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य फरार बताए जा रहे हैं, जबकि मृतका के घर पर पुलिस पहरा दे रही है।सोमवार को त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार भी थानाध्यक्ष के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों तथा मृतका के मायके पक्ष से पूछताछ की। थानाध्यक्ष यूगल किशोर ने बताया कि पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो शव नीचे रखा हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
