पोखर में डूबने से दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत, गांव में मातम।

राघोपुर,सुपौल
करजाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिरहा पंचायत के सीतापुर वार्ड संख्या–1 में एक हृदयविदारक हादसे में दो मासूम बच्चियों की पोखर में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। दोनों बच्चियां घर के सामने अन्य बच्चों के साथ खेल रही थीं। खेल-खेल में वे पास स्थित पोखर के किनारे पहुंच गईं और किसी को भनक लगे बिना पानी में डूब गईं। कुछ देर बाद जब साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया, तब परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। ग्रामीणों की मदद से पोखर में खोजबीन की गई, जहां से दोनों बच्चियों को बाहर निकाला गया।आनन-फानन में परिजन दोनों बच्चियों को

रेफरल अस्पताल राघोपुर लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के डॉक्टर संजीव कुमार द्विवेदी ने बताया कि दोनों बच्चियों की मौत अस्पताल पहुंचने से लगभग आधा घंटा पहले ही हो चुकी थी। प्रथम दृष्टया पानी में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है।घटना की सूचना मिलते ही करजाइन थानाध्यक्ष मनीष कुमार अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा आगे की कार्रवाई की जा रही है।मृत बच्चियों की पहचान हरिरहा पंचायत निवासी सुरेश मेहता की 11 वर्षीय पुत्री प्रीति प्रिया और राजेश कुमार मेहता की 9 वर्षीय पुत्री खुशबू कुमारी के रूप में की गई है। दोनों आपस में सहेलियां थीं और साथ खेल रही थीं।इस दर्दनाक हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। रोते-बिलखते परिजनों का हाल बेहाल है, वहीं गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पोखर के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
