सरस्वती पूजा को लेकर थाना परिसरों में शांति समिति की बैठक, शांतिपूर्ण आयोजन का लिया गया संकल्प।

सुपौल।
आगामी सरस्वती पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सुपौल जिले के करजाइन एवं भीमनगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, पूजा समिति के सदस्यों एवं आम नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता संबंधित थाना प्रभारी द्वारा की गई। इस दौरान पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग, जुलूस मार्ग, समय-सीमा तथा असामाजिक तत्वों पर निगरानी जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस पदाधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि पूजा के दौरान किसी भी तरह की अफवाह, हुड़दंग या शांति भंग करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे पूजा को सरल, मर्यादित और शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं तथा किसी भी समस्या की सूचना तुरंत पुलिस को दें। बैठक में उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
पुलिस ने बताया कि सरस्वती पूजा के दौरान संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि जिले में शांति एवं सौहार्द बना रहे।
