बसमतिया में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता बैठक आयोजित

बसमतिया (अररिया) — आज दिनांक 18 जनवरी 2026 को जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन के सहयोग से एक्सेस टू जस्टिस (न्याय तक पहुंच) कार्यक्रम के अंतर्गत जिला पुलिस प्रशासन अररिया, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अररिया एवं जागरण कल्याण भारती, फारबिसगंज के संयुक्त तत्वावधान में बसमतिया थाना परिसर में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बैठक का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बसमतिया थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने की, जबकि संचालन जागरण कल्याण भारती के अध्यक्ष संजय कुमार ने किया। बैठक का उद्देश्य अररिया जिले को बाल विवाह मुक्त, मानव तस्करी मुक्त, बाल श्रम मुक्त एवं बाल यौन शोषण मुक्त बनाना था।

इस अवसर पर थाना बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी बसमतिया, अन्य पुलिस पदाधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अररिया के पीएलवी (अधिकार मित्र) विनय कुमार ठाकुर, जागरण कल्याण भारती के डीसी दीपक कुमार पासवान एवं सीएसडब्ल्यू अंकुश कुमार यादव उपस्थित रहे। साथ ही जनप्रतिनिधि, धर्मगुरु, टेंट एवं बाजा संचालक, फोटोग्राफर तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण और समुदाय के लोग शामिल हुए।
बैठक में लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया तथा सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं—जैसे आयुष्मान कार्ड, विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, जन्म प्रमाण पत्र, श्रमिक पंजीकरण, सुमंगला योजना एवं मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना—की जानकारी दी गई। लाभ प्राप्त करने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी नरपतगंज से संपर्क करने का आग्रह किया गया।
समुदाय एवं गांव में बाल विवाह न होने देने और न करने की शपथ बैनर व पंपलेट के माध्यम से दिलाई गई।
मौके पर समाजसेवी प्रेम सागर, पूर्व मुखिया मो. मुज्जम्मिल अंसारी, सरपंच रूबी कुमारी समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।
