बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत घूरना में जागरूकता बैठक आयोजित
घूरना/अररिया।

आज दिनांक 18 जनवरी 2026 को जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन के सहयोग से एक्सेस टू जस्टिस (न्याय तक पहुंच) कार्यक्रम के अंतर्गत जिला पुलिस प्रशासन अररिया, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अररिया एवं जागरण कल्याण भारती, फारबिसगंज के संयुक्त तत्वावधान में घूरना थाना परिसर में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता घूरना थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने की। मुख्य अतिथि के रूप में अचला अधिकारी नरपतगंज रविंद्र कुमार उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में एसएसबी 56वीं वाहिनी घूरना कंपनी प्रभारी रंजीत मोहन्ता शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन जागरण कल्याण भारती के अध्यक्ष संजय कुमार ने किया।
बैठक का उद्देश्य अररिया जिले को बाल विवाह मुक्त, मानव तस्करी मुक्त, बाल श्रम मुक्त एवं बाल यौन शोषण मुक्त बनाना था। इस अवसर पर थाना बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी घूरना, अन्य पुलिस पदाधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अररिया के पीएलवी (अधिकार मित्र) विनय कुमार ठाकुर, जागरण कल्याण भारती के डीसी दीपक कुमार पासवान एवं सीएसडब्ल्यू अंकुश कुमार यादव सहित जनप्रतिनिधि, धर्मगुरु, टेंट संचालक, बाजा संचालक, फोटोग्राफर तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई तथा सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं — जैसे आयुष्मान कार्ड, विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, जन्म प्रमाण पत्र, श्रमिक पंजीकरण, सुमंगला योजना एवं मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना — के बारे में विस्तार से बताया गया। इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी नरपतगंज से संपर्क करने का अनुरोध किया गया।
अंत में समुदाय और गांव में बाल विवाह न होने देने एवं न करने का संकल्प बैनर व पंपलेट के माध्यम से सभी उपस्थित लोगों को दिलाया गया।
