रानीगंज में दीदी अधिकार केंद्र का शुभारंभ, महिलाओं को मिलेगा कानूनी और योजनाओं का मार्गदर्शन।

रानीगंज/अररिया — बुधवार को रानीगंज प्रखंड कार्यालय परिसर में दीदी अधिकार केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी रूबी कुमारी, एसडी मैनेजर चंदा कुमारी, बीपीएम चेतन कुमार और सीसी रोकेया अंसारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर केंद्र का शुभारंभ किया।

इस केंद्र के माध्यम से महिलाओं को घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा, बाल विवाह और सामाजिक कुरीतियों सहित अन्य समस्याओं के समाधान हेतु मार्गदर्शन व कानूनी परामर्श दिया जाएगा। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों में सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उद्घाटन के बाद प्रखंड कार्यालय परिसर सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता पोस्टर लगाए गए, ताकि महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और आपातकालीन सहायता सेवाओं (महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस 112, चाइल्डलाइन 1098) की जानकारी मिल सके।
समारोह में जीविका दीदियां, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, प्रखंड कर्मी और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। यह पहल महिलाओं को सशक्त, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
