जिला स्तरीय टीएलएम मेला में शिक्षकों को किया गया सम्मानित।
अररिया। दिनांक 14 फरवरी को उच्च विद्यालय अररिया में जिला स्तरीय टीएलएम (Teaching Learning Material) मेला का आयोजन किया गया। यह मेला विशेष रूप से शिक्षकों के लिए आयोजित किया गया था, जिसमें जिले भर से चयनित शिक्षक अपने-अपने टीएलएम मॉडल के साथ शामिल हुए।
टीएलएम का उपयोग शिक्षक कक्षा में बच्चों को प्रभावी एवं सरल तरीके से पढ़ाने के लिए करते हैं, जिससे शिक्षण कार्य अधिक रोचक और सुगम बनता है। इस मेले की प्रक्रिया संकुल स्तर से शुरू होती है, जहां बेहतर टीएलएम का चयन कर शिक्षकों को प्रखंड स्तर पर भेजा जाता है। प्रखंड स्तर से चयनित शिक्षक जिला स्तर पर भाग लेते हैं। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाता है, जो किसी भी शिक्षक के लिए गर्व की बात होती है।

इस अवसर पर पूरे जिले से चयनित शिक्षक उच्च विद्यालय अररिया परिसर में एकत्रित हुए। कार्यक्रम में श्रेष्ठ टीएलएम प्रस्तुत करने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित शिक्षकों में नवसृजित प्राथमिक विद्यालय जन्नत टोला, रानीगंज की शिक्षिका कुमारी अनु साह भी शामिल रहीं। उन्हें अंग्रेजी विषय में पूरे जिले में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय परिवार, शिक्षक समाज एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में अररिया जिले के प्रसिद्ध लोक गायक अमर आनंद ने अपने मधुर गीतों से समां बांध दिया और उपस्थित शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।
