रानीगंज: वाईएनपी डिग्री कॉलेज को मिला ISO 14001 प्रमाणन, क्षेत्र में खुशी की लहर।

रानीगंज स्थित यदुनंदन-पवित्री डिग्री कॉलेज (वाई.एन.पी. डिग्री कॉलेज) ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए आई.एस.ओ. 14001 प्रमाणन प्राप्त किया है। वर्ष 1978 में स्थापित यह महाविद्यालय सीमांचल क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगा रहा है और अब अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण मानकों पर भी खरा उतरा है।
यह प्रमाण पत्र क्वालिटी रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (क्यू.आर.ओ.) की विशेषज्ञ टीम द्वारा किए गए ‘ग्रीन ऑडिट’ और विस्तृत निरीक्षण के बाद जारी किया गया। विशेषज्ञों ने कॉलेज परिसर में कचरा प्रबंधन प्रणाली, स्वच्छता व्यवस्था एवं हरियाली की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसा वातावरण छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और एकाग्रता के लिए अत्यंत अनुकूल है।
इस उपलब्धि का श्रेय महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अशोक कुमार आलोक के कुशल नेतृत्व को दिया जा रहा है। उनके प्रयासों से शैक्षणिक सत्र 2025-26 में बी.बी.ए. और बी.सी.ए. जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के संचालन हेतु एआईसीटीई से भी स्वीकृति मिल चुकी है। अब महाविद्यालय ‘नेशनल रैंकिंग’ में स्थान बनाने और आगामी ‘नैक’ मूल्यांकन की तैयारियों में जुटा है।
अररिया जिले के ग्रामीण क्षेत्र रानीगंज में स्थित यह संस्थान कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है।
महाविद्यालय की इस उपलब्धि पर अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह, पूर्व मंत्री विजय कुमार मंडल, विधान पार्षद डॉ. एन.के. यादव, रानीगंज विधायक अविनाश मंगलम, अररिया विधायक मो. अबिदुर रहमान, नरपतगंज विधायक देवयंती यादव, फारबिसगंज विधायक मनोज विश्वास सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
