रानीगंज थाना में शांति समिति की बैठक, शांतिपूर्ण होली मनाने की अपील।

होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रानीगंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि होली आपसी भाईचारे और प्रेम का पर्व है, जिसे शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीजे पर पूर्णतः रोक रहेगी तथा किसी भी प्रकार की हुड़दंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रखंड विकास पदाधिकारी रूबी कुमारी ने कहा कि इस समय रमजान माह भी चल रहा है, ऐसे में सभी समुदाय के लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए होली मनाएं। किसी की धार्मिक भावना को ठेस न पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। अश्लील गाने बजाने से परहेज करने की अपील भी की गई।
बैठक में उप प्रमुख कलानंद सिंह कैलू, वार्ड पार्षद कृष्ण कुमार सेनानी, सुमन झा, मो. सुखानू, संतोष ऋषिदेव, आबिद हुसैन, बंदे लाल यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाना को दें, ताकि होली पर्व शांति और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हो सके।
