आंधी-तूफान से मक्का फसल तबाह, कच्चे घरों को भी भारी नुकसान।

रानीगंज (अररिया) | प्रखंड क्षेत्र के पहुॅसरा पंचायत में बीती रात करीब 1 बजे आए तेज चक्रवाती आंधी-तूफान एवं बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी। खेतों में लगी मक्का की फसल, जो पकने के कगार पर थी, लगभग 80 प्रतिशत तक बर्बाद हो गई। हजारों एकड़ में लगी फसल के नुकसान से किसानों में मायूसी छा गई है।
वहीं, तेज आंधी के कारण कई गरीब परिवारों के कच्चे एवं टीन के मकानों को भी भारी क्षति पहुंची है। कई घरों की छत उड़ गई, जिससे लोग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। पंचायत में इस आपदा के बाद हाहाकार की स्थिति बनी हुई है।
मुखिया साता देवी ने बताया कि उन्होंने अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया है, जिसमें फसल और मकानों के व्यापक नुकसान की पुष्टि हुई है। उन्होंने जिला प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर प्रभावित किसानों और परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है।
