नपं रानीगंज का बजट सर्वसम्मति से पारित
रानीगंज (अररिया)
नगर पंचायत रानीगंज की सामान्य बोर्ड बैठक में आज 20 मार्च 2026 को वित्तीय वर्ष 2026-27 का 68.73 करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया।

मुख्य पार्षद रूपा देवी की अध्यक्षता में और उप मुख्य पार्षद सुभद्रा देवी की उपस्थिति में कार्यपालक पदाधिकारी सचिन कुमार ने बजट की रूपरेखा और विकसित रानीगंज बनाने के लिए कार्य योजनाओं की जानकारी दी।

इस वर्ष कुल अनुमानित आय 69.56 करोड़ रुपये और अनुमानित खर्च 68.73 करोड़ रुपये रखा गया है, जिसमें 83 लाख रुपये का लाभ दिखाया गया है। बजट में सड़क, नली, स्ट्रीट लाइट, हाई मास्ट लाइट, सीसीटीवी कैमरा, प्रधानमंत्री आवास योजना, साफ़-सफाई और कचरा प्रसंस्करण केंद्र बनाने का प्रावधान शामिल है।
बोर्ड ने सम्राट अशोक भवन निर्माण और वार्ड स्तर पर जन उपयोगी कार्यों को भी मंजूरी दी। ईओ सचिन कुमार ने नागरिकों से संपत्ति कर समय पर जमा करने की अपील की। वार्ड पार्षदों ने राजस्व वृद्धि में कार्यालय का सहयोग करने का भरोसा दिलाया।

बैठक में 18 वार्ड में से 17 वार्ड पार्षद उपस्थित रहे। विभिन्न वार्ड पार्षदों ने अपने क्षेत्र के मुद्दे उठाए और योजना कार्यों के भुगतान पर भी निर्णय लिया गया। आवास योजना के लाभुकों को कार्य शुरू करने के लिए नोटिस देने और कार्य न करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई का निर्देश भी पारित किया गया।
पार्षदों ने बजट को संतुलित बताया और आशा जताई कि स्ट्रीट लाइट और डस्टबिन वितरण कार्य नए वित्तीय वर्ष में जल्द शुरू होंगे। बैठक शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई।
