रानीगंज में आंधी-बारिश से फसलों को नुकसान, किसान चिंतित।

रानीगंज। शुक्रवार देर शाम आई तेज आंधी-तूफान और हल्की बारिश ने प्रखंड क्षेत्र के किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। तेज हवा के कारण कई जगहों पर मक्का की फसल जमीन पर गिर गई, वहीं कटाई के लिए तैयार गेहूं की फसल को भी नुकसान पहुंचा है।

सब्जी की खेती करने वाले किसानों को भी नुकसान झेलना पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार आंधी के दौरान पेड़ों की टहनियां टूटकर गिर गईं, जिससे कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।हालांकि बारिश ज्यादा देर तक नहीं हुई, लेकिन तेज हवा ने खेतों में खड़ी फसलों को प्रभावित किया। किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मौसम के उतार-चढ़ाव की संभावना जताते हुए किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
