कोशी कार्स में भव्य अनावरण, 360° कैमरा, ब्लाइंड व्यू मॉनिटर और लाइफटाइम बैटरी वारंटी जैसे फीचर्स से लैस नई टियागो


टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने अपनी लोकप्रिय हैचबैक कार टियागो के नए अवतार को पेट्रोल, आईसीएनजी और इलेक्ट्रिक (टियागो ईवी) तीनों पावरट्रेन विकल्पों में बाजार में उतारा है। कंपनी के अनुसार नई टियागो आधुनिक तकनीक, आकर्षक डिजाइन और उन्नत सुरक्षा सुविधाओं का बेहतरीन संगम है, जो ग्राहकों को पहले से बेहतर ड्राइविंग अनुभव प्रदान करेगी।

कंपनी ने पेट्रोल वेरिएंट की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 4.69 लाख रुपये निर्धारित की है, जबकि टियागो ईवी की शुरुआती कीमत 6.99 लाख रुपये रखी गई है। वहीं बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) मॉडल के तहत ग्राहक टियागो ईवी को 4.69 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर खरीद सकते हैं। इस योजना में बैटरी उपयोग के लिए 2.60 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से सदस्यता शुल्क देना होगा।
नई टियागो में नया एक्सटीरियर डिजाइन, प्रीमियम इंटीरियर और अत्याधुनिक कनेक्टेड कार तकनीक दी गई है। वाहन में 360 डिग्री सराउंड व्यू कैमरा, ब्लाइंड व्यू मॉनिटर, डिजिटल इंटरफेस और कई स्मार्ट फीचर्स शामिल किए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से भी इसमें कई आधुनिक सुविधाएं जोड़ी गई हैं, जो इसे अपने सेगमेंट की मजबूत दावेदार बनाती हैं।
टियागो ईवी की सबसे बड़ी खासियत इसकी इंडस्ट्री-फर्स्ट लाइफटाइम हाई-वोल्टेज बैटरी वारंटी है। कंपनी का दावा है कि फास्ट चार्जिंग तकनीक के जरिए मात्र 18 मिनट में लगभग 100 किलोमीटर तक की अतिरिक्त ड्राइविंग रेंज हासिल की जा सकती है।
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेश चंद्रा ने कहा कि भारत में अधिकांश परिवारों की पहली पसंद हैचबैक कार होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने आधुनिक डिजाइन, उन्नत तकनीक और बेहतर सुरक्षा सुविधाओं को किफायती कीमत में उपलब्ध कराने का प्रयास किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नेक्स्ट जेन टियागो और टियागो ईवी भारतीय ग्राहकों की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरेंगी।
कार्यक्रम में कोशी कार्स के सीईओ मनोज पटोदिया, सीएक्सएम भव्या, राजन चोल फाइनेंस के नवनीत, महिंद्रा फाइनेंस के आनंद, बैंक ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि, एसबीआई अररिया के प्रबंधक अमित कुमार एवं विवेक कुमार, श्रीराम फाइनेंस के प्रबंधक रंजन कुमार तथा महिंद्रा फाइनेंस के प्रबंधक गौरव आनंद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
