हसनपुर में 112.5 लीटर विदेशी शराब बरामद, आरोपी को न्यायालय भेजा गया।

रानीगंज थाना क्षेत्र के हसनपुर वार्ड संख्या 1 में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रानीगंज थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हसनपुर वार्ड नंबर 1 निवासी उमानंद यादव (55 वर्ष), पिता स्वर्गीय बंगाली यादव, अपने घर स्थित मड़ई में विदेशी शराब छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर के मड़ई की तलाशी ली, जहां से कुल 112.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब को पुलिस ने विधिवत जप्त कर लिया। वहीं मौके से उमानंद यादव को गिरफ्तार कर थाना लाया गया।
रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में न्यायालय भेज दिया गया।
उन्होंने कहा कि रानीगंज पुलिस क्षेत्र में शराब एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चला रही है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से शराब कारोबारियों और तस्करों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
