तेज रफ्तार सीएनजी ऑटो की टक्कर से युवक की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम
रानीगंज (अररिया), संवाददाता।

जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार देर शाम अररिया-रानीगंज मार्ग पर एनएच-327ई स्थित डाक बंगला के समीप हुआ। मृतक राहुल कुमार रानीगंज प्रखंड के हांसा वार्ड संख्या-10 निवासी विनोद राम के पुत्र थे। वह शुक्रवार की शाम बाइक से रानीगंज बाजार सब्जी खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार सीएनजी ऑटो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार बिट्टू राम सुरक्षित बच गए।
गंभीर हालत में किया गया था रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने राहुल को तत्काल अररिया सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च केंद्र रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
राहुल की मौत की सूचना मिलते ही परिजन शव को पैतृक गांव लेकर पहुंचे और घटना की जानकारी रानीगंज थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची, आवश्यक पूछताछ की और शव को पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
पिता ने कहा— परिवार का इकलौता सहारा था राहुल
मृतक के पिता विनोद राम ने बताया कि राहुल ही परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सड़क सुरक्षा की उठी मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि एनएच-327ई पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से गति नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने, नियमित जांच अभियान चलाने और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।
