विशेष सत्संग, भजन-कीर्तन व आध्यात्मिक प्रवचनों से भक्तिमय हुआ वातावरण, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लिया महाप्रसाद

रानीगंज (अररिया), संवाददाता। स्थानीय सत्संग केंद्र, रानीगंज में शुक्रवार को जगत जननी बड़ मां का 133वां जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8:50 बजे विशेष सत्संग से हुई। इसके बाद सुमधुर भजन-कीर्तन, आध्यात्मिक प्रवचन एवं गुरु वंदना के बीच पूरा सत्संग केंद्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। आयोजन में बड़ी संख्या में दादा-मां, गुरु भक्त एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए सह-प्रतिऋत्विक श्री दिलीप कुमार ने कहा कि जगत जननी बड़ मां करुणा, निष्काम प्रेम और वात्सल्य की साक्षात प्रतिमूर्ति थीं। उन्होंने कहा कि बड़ मां द्वारा दिखाया गया सेवा, समर्पण और मानवता का मार्ग आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों को जीवन में अपनाकर ही सच्ची शांति और आध्यात्मिक उन्नति प्राप्त की जा सकती है।

याजक डॉ. दयानंद राउत ने अपने प्रवचन में सत्संग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सत्संग आत्मशुद्धि और इष्ट के प्रति समर्पण का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने श्रद्धालुओं से बड़ मां के बताए परमार्थ, सेवा और गुरु-भक्ति के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
इस अवसर पर श्री सुदेश कुमार सिंह, कलानंद मंडल, सुरेश मंडल, सुनील पंजीयार, अमित महतो, कृष्ण कुमार भगत, विजय साह, श्रीमती कंचन नायक, भारती देवी, मन्नू देवी, रानी देवी, पिंकी देवी एवं नीतू कुमारी सहित कई समाजसेवियों और गुरु भक्तों ने अपने विचार व्यक्त किए तथा बड़ मां के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सत्संगी वृंद, रानीगंज के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। अंत में बड़ मां के जयघोष के साथ सभी श्रद्धालुओं ने उनके प्रति अपनी आस्था एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
