घर में मिला अधेड़ महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस
रानीगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या 13 स्थित एक घर में मंगलवार को एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

मृतका की पहचान रानीगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या 13 निवासी अंजली देवी (40), पति राजेश सिंह के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय महिला घर में अकेली थी। बताया गया कि उसका पति राजेश सिंह बाबाधाम गया हुआ है।
महिला का शव मिलने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। सूचना मिलने पर रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, दारोगा सुरेंद्र कुमार, अजय पासवान, ओमप्रकाश सिंह, पवन कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू कर दी।

इस संबंध में रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा विधिसम्मत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
