सीएसपी संचालक से मोबाइल व 3,500 रुपये की लूट, तीन गिरफ्तार
एक आरोपी हथियार के साथ फरार, जेब से मिला जिंदा कारतूस।
रानीगंज थाना क्षेत्र के परिहारी भगवती स्थान के समीप सोमवार को हथियार के बल पर एक फाइनेंस कर्मी से मोबाइल और 3,500 रुपये लूटने का मामला सामने आया है। घटना को अंजाम देने के बाद अपाची बाइक सवार चार अपराधी हथियार लहराते हुए भागने लगे। फाइनेंस कर्मी के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए तीन आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी हथियार के साथ फरार होने में सफल रहा।घटना को लेकर भागलपुर जिला निवासी पीड़ित फाइनेंस कर्मी रूपेश कुमार के लिखित आवेदन पर रानीगंज थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेलसरा निवासी विमल कुमार व मोनू कुमार तथा कोशकापुर निवासी जयकृष्ण कुमार के रूप में की है। वहीं, हथियार के साथ फरार आरोपी की पहचान बगुलाहा निवासी राजू यादव के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विमल कुमार की जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
