हाइवा ने बिजली मिस्त्री को रौंदा, मौके पर मौत
परिजनों ने टायर जलाकर किया सड़क जाम, एक घंटे बाधित रहा आवागमन
रानीगंज। रानीगंज-अररिया मार्ग एसएच-77 पर गितवास पुल के समीप शुक्रवार को गिट्टी लदे हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार बिजली मिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान चातर पंचायत के वार्ड संख्या 11 स्थित नुनिया धार टोला निवासी महेश सिंह के पुत्र कैलाश कुमार (30) के रूप में हुई है। वहीं, घायल की पहचान उसी गांव के मोहम्मद इस्तियाक के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, कैलाश कुमार बिजली मिस्त्री का काम करता था। शुक्रवार को बिजली के पोल आदि से संबंधित काम के सिलसिले में कैलाश और इस्तियाक एक ही बाइक से गितवास से हांसा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गितवास बाजार के समीप पुल के पास उनकी बाइक गिट्टी लदे हाइवा की चपेट में आ गई। हादसे में कैलाश हाइवा के पहिये के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, इस्तियाक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौत की खबर मिलते ही मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। कैलाश की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने घटनास्थल के समीप टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया। इसके कारण करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा और सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
पुलिस ने हाइवा किया जब्त
सूचना मिलने पर रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और यातायात बहाल कराया। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को जब्त कर लिया गया है। परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
