दशहरा पर्व पर रानीगंज नगर पंचायत में दिखा दिवाली जैसा नजारा।

रानीगंज (अररिया)। दशहरा पर्व के दौरान रानीगंज नगर पंचायत क्षेत्र में रोशनी की जगमगाहट से दिवाली जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। नगर पंचायत में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। विभिन्न वार्डों में लाइटें लगाए जाने से लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल है।इसी क्रम में नगर पंचायत के वार्ड संख्या चार में हाईमास्ट लाइट लगाई जा रही है। वार्ड पार्षद निशा कुमार एवं उनके पति मुकेश कुमार उर्फ गुड्डू ने बताया कि क्षेत्र में लाइट लगने से लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। त्योहार के दौरान बेहतर प्रकाश व्यवस्था से सड़कों और गलियों में रौनक बढ़ेगी। दशहरा पर्व में ही क्षेत्र में दिवाली जैसा दृश्य दिखाई देने लगा है।वहीं, नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि मनोज पासवान ने बताया कि नगर पंचायत के सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य कराया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य नगर क्षेत्र की सड़कों और गलियों को रोशन करना तथा आम लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लाइट लगने से जहां रात के समय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं नगर क्षेत्र की सुंदरता भी बढ़ेगी।
