रानीगंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील।

रानीगंज। आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को रानीगंज थाना परिसर में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा मनाने की अपील की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे के साथ दुर्गा पूजा मनाएं और क्षेत्र की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखें। उन्होंने पूजा के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहने की बात कही। साथ ही कहा कि पुलिस प्रशासन असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखेगा, ताकि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे।

वहीं, सर्किल इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान यदि कोई असामाजिक तत्व अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक में भाजपा नेता कृष्ण कुमार सेनानी, सुमन झा, पंचायत समिति सदस्य राजेश मंडल, ललन मंडल, राजकुमार उर्फ राजू मंडल, मुखिया गनौरी मंडल, अमानत अली, जमीलउद्दीन उर्फ सुखानू, डॉ. महमूद आलम सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
