रानीगंज में विज्ञान प्रदर्शनी मेला आयोजित, छात्रों ने दिखाया नवाचार का हुनर

रानीगंज (अररिया):

आदर्श मध्य विद्यालय, गिढ़वास, रानीगंज में मंगलवार को महान वैज्ञानिक श्रीनिवासन अनुजम की जयंती के अवसर पर विज्ञान प्रदर्शनी मेला का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में विद्यालय के सप्तम एवं अष्टम वर्ग के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न वैज्ञानिक उपकरणों एवं आधुनिक तकनीक पर आधारित मॉडलों की आकर्षक और ज्ञानवर्धक प्रस्तुति दी।

प्रदर्शनी का निरीक्षण प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, रानीगंज (अररिया) द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता एवं प्रस्तुति कौशल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना को विकसित करते हैं।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इस सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार को बधाई दी।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करने वाले शिक्षक पवन कुमार पासवान एवं भावेश झा की भूमिका सराहनीय रही।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक इंदु भूषण, शिक्षक रविशंकर, अनीता कुमारी, अमर कुमार सहित विद्यालय के सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे।
