सुपौल में सड़क व पुल निर्माण की मांग को लेकर युवा कांग्रेस का ज्ञापन
रिपोर्ट – आदर्श कुमार
5 जनवरी सुपौल।
युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव एवं जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण कुमार झा ने बुधवार को अपने समर्थकों व ग्रामीणों के साथ सुपौल समाहरणालय पहुंचकर दो सूत्री मांगों को लेकर जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने जिले की ज्वलंत बुनियादी समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया।लक्ष्मण कुमार झा ने बताया कि सुपौल सदर प्रखंड मुख्यालय अंतर्गत एकम पंचायत के बड़ागांव वार्ड संख्या-10 में लक्ष्मी पासवान के घर से लेकर योगेंद्र यादव के घर तक वर्ष 1992 के बाद आज तक सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है। सड़क नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय ग्रामीण लगातार मतदान कर सरकार बनाने का काम करते हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। यदि जल्द सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो ग्रामीण आगे मतदान के बहिष्कार पर मजबूर होंगे।उन्होंने यह भी बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में कई बार विरोध-प्रदर्शन, धरना और ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं। वर्तमान विधायक एवं कैबिनेट मंत्री को भी लिखित आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।दूसरी मांग के संबंध में लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि सदर प्रखंड अंतर्गत बलहा पंचायत के वार्ड संख्या-3 धोरे धोबियाही गांव के पास एक नदी बहती है, जो सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित है। नदी के एक ओर सहरसा जिला तथा दूसरी ओर सुपौल जिला पड़ता है। कई ग्रामीणों के घर सहरसा जिले के कासिमपुर गांव में हैं, जबकि उनकी खेती-बाड़ी और गृहस्थी दूसरी ओर है। ऐसे में आवागमन की गंभीर समस्या को देखते हुए उक्त नदी पर पुल निर्माण अत्यंत आवश्यक है।लक्ष्मण कुमार झा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इन दोनों मांगों पर प्रशासन द्वारा सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो जन संघर्ष समिति के बैनर तले बड़ा आंदोलन किया जाएगा।इस मौके पर मनोज कुमार, उमेश कुमार, शंकर शाह, दिनेश मंडल, राजू कामत, आंसू झा, सोहन कुमार, राजेश कुमार, शिवनारायण जी, राजू सदा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समर्थक उपस्थित थे।
