बिहार पुलिस सप्ताह 2026: पहुसरा में प्रशासन ने 2-1 से जीता फैंसी फुटबॉल मैच।

पहुसरा पंचायत (संग्रामपुर)। बिहार पुलिस सप्ताह 2026 के तहत जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के बीच फैंसी फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया। खेल के माध्यम से आपसी समन्वय और सौहार्द बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस मैत्री मुकाबले में प्रशासन की टीम ने जनप्रतिनिधि टीम को 2-1 से पराजित कर जीत दर्ज की।
मैच में प्रशासन टीम के कप्तान इंस्पेक्टर सतीश सिंह ने टॉस जीतकर पहला शॉट लिया, जबकि जनप्रतिनिधि टीम की कमान उप प्रमुख कलानंद सिंह के हाथों में थी। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया। मुकाबला रोमांचक रहा और दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के अंत में विजेता प्रशासन टीम को ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता जनप्रतिनिधि टीम को भी सांत्वना स्वरूप ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर इंस्पेक्टर सतीश सिंह, थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, उप प्रमुख कलानंद सिंह, मुखिया किशन शर्मा, उप मुखिया कुंदन मेहता, दरोगा रवि प्रसाद द्विवेदी, चंदन कुमार, मोहन शर्मा, शंभू यादव, पृथ्वी यादव, हाकिम टुडू, छोटे लाल यादव, ओम प्रकाश सिंह, सुबोध सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम ने पुलिस और आमजन के बीच बेहतर तालमेल का सकारात्मक संदेश दिया।
