शादी की आस लेकर पहुंचा युवक, प्रेम प्रसंग में पिटाई के बाद मौत।

रानीगंज।
प्रेम प्रसंग के एक दर्दनाक घटनाक्रम में 22 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान नरपतगंज थाना क्षेत्र के डुमरिया वार्ड संख्या 12 निवासी संजय दास के पुत्र अमर कुमार दास के रूप में हुई है। अमर बीए पार्ट-2 का छात्र था।
परिजनों के अनुसार, अमर को उसकी प्रेमिका ने मिलने के लिए बुलाया था। वह शादी की उम्मीद लेकर बौसी थाना क्षेत्र के तमघट्टी गांव पहुंचा था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद लड़की के परिजनों और कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी।

गंभीर रूप से घायल अमर को आनन-फानन में रानीगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे अररिया रेफर कर दिया। वहां से बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया और फिर भागलपुर भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। प्रेम संबंध के विवाद ने एक परिवार का चिराग बुझा दिया, वहीं गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। बौसी थानाध्यक्ष ने कहा कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। खबर लिखे जाने तक आवेदन मिलने का इंतजार किया जा रहा था।
