खेत से घर लौट रहे किसान की गोली मारकर हत्या, गांव में दहशत।

रानीगंज। बौसीं थाना क्षेत्र की मझुवा पूरब पंचायत के वार्ड संख्या छह में गुरुवार देर शाम अज्ञात बदमाशों ने एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना लकुनमा नहर फाटक के समीप शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान मझुवा पूरब पंचायत के वार्ड संख्या छह निवासी रंजीत शर्मा (35), पिता नंदू शर्मा के रूप में हुई है।
खेत से लौटने के दौरान मारी गोली
मिली जानकारी के अनुसार, रंजीत शर्मा गुरुवार शाम अपने घर के समीप स्थित खेत में काम करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान लकुनमा नहर फाटक के पास पहले से घात लगाए अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया और उनके सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद घायल रंजीत को मोटरसाइकिल से इलाज के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही बौसीं थानाध्यक्ष कुंदन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से संबंधित जानकारी जुटाई।
थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया गोली लगने से किसान की मौत होने की बात सामने आई है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। साथ ही हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
हत्या के बाद गांव में दहशत
किसान की हत्या के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना से गांव में दहशत का माहौल है। हत्या के कारणों को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
