भरगामा में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को लेकर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित।

भरगामा प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभागार में बुधवार को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य बाल विवाह मुक्त, बाल श्रम मुक्त, मानव तस्करी मुक्त, बाल यौन शोषण मुक्त एवं नशा मुक्त जिला निर्माण को लेकर जागरूकता फैलाना था।

यह कार्यक्रम जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन नई दिल्ली, जागरण कल्याण भारती फारबिसगंज, महिला एवं बाल विकास निगम अररिया, समाज कल्याण विभाग पटना, जिला बाल संरक्षण इकाई एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना पदाधिकारी भरगामा आशीष नंदन ने की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि भूषण सुमन उपस्थित रहे। वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संतोष कुमार, गगन राय एवं प्रशिक्षक के रूप में जागरण कल्याण भारती के अध्यक्ष संजय कुमार मौजूद थे।
प्रशिक्षकों ने उपस्थित महिला पर्यवेक्षिकाओं एवं सेविकाओं को बाल विवाह, बाल श्रम, मानव तस्करी, बाल यौन शोषण और नशा मुक्ति के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बच्चों की सुरक्षा के लिए टोल फ्री नंबर 18001027222, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 एवं आपातकालीन नंबर 112 की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी घटना की सूचना गोपनीय रूप से दी जा सकती है।
कार्यक्रम में बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने, स्कूलों में ड्रॉप आउट बच्चों का नामांकन कराने तथा गांवों में सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकने एवं इसकी सूचना तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन पर देने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर नीतू कुमारी, अलताफ कमर, ज्योति कुमारी, परमजीत सारथी, जरफी प्रवीन, आरती कुमारी, मंजू कुमारी, अनीता वर्मा सहित बड़ी संख्या में सेविकाएं मौजूद थीं।
