रानीगंज में आधुनिक मोक्षधाम निर्माण की कवायद तेज, जल्द बनेगा अत्याधुनिक शवदाह गृह।

रानीगंज (अररिया), 23 जुलाई।
‘आत्मनिर्भर बिहार के सात निश्चय-3’ योजना के तहत नगर पंचायत रानीगंज में आधुनिक मोक्षधाम (शवदाह गृह) के निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है। गुरुवार को आयोजित जिला गंगा समिति की बैठक में जिलाधिकारी अररिया ने योजना के समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत रानीगंज एवं अंचल अधिकारी को समन्वय स्थापित कर शीघ्र भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।विभागीय मानकों के अनुसार मोक्षधाम निर्माण के लिए लगभग 0.50 एकड़ सरकारी भूमि की आवश्यकता है। इसके लिए वर्तमान श्मशान स्थल सहित अन्य उपयुक्त स्थानों का भी आकलन किया जा रहा है।
कार्यपालक पदाधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि विभागीय निर्देशों के अनुरूप उपयुक्त भूमि की पहचान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि नवगठित नगर पंचायत रानीगंज के नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर प्रशासन की प्राथमिकता है और मोक्षधाम का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।मुख्य पार्षद रूपा देवी ने इस योजना का स्वागत करते हुए कहा कि आधुनिक मोक्षधाम लंबे समय से क्षेत्र की आवश्यकता रही है। इसके निर्माण से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित, सम्मानजनक और सुविधाजनक होगी, जिससे आम लोगों को काफी राहत मिलेगी।
वहीं, उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि रणधीर पासवान ने कहा कि इस योजना को सफल बनाने के लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के सामूहिक सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी को उपयुक्त सरकारी भूमि की जानकारी हो तो उसकी सूचना तत्काल नगर पंचायत कार्यालय को दें।नगर प्रशासन ने नागरिकों से विशेष सहयोग की अपील करते हुए पनो घाट (वार्ड-16), कोरिया घाट (वार्ड-5) तथा फरियानी नदी के निकट फरियानी पुल (वार्ड-5) के आसपास उपलब्ध सरकारी भूमि की जानकारी साझा करने का अनुरोध किया है। इसके अलावा यदि किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर सरकारी भूमि उपलब्ध हो, तो उसकी सूचना भी नगर पंचायत कार्यालय को देने की अपील की गई है।
नगर प्रशासन का कहना है कि भूमि उपलब्ध होते ही विभागीय प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा, जिससे रानीगंज नगर पंचायत के लोगों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त शवदाह गृह की सुविधा मिल सके।
